Jharkhand: Former JPSC chairman appears before CID for the second consecutive day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के संबंध में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते बुधवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ के लिए अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह पूछताछ आयोग द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के संबंध में की जा रही है।
अधिकारी के अनुसार, खियांग्ते पूवाह्न करीब 11 बजे सीआईडी कार्यालय पहुंचे।
सीआईडी ने मंगलवार को खियांग्ते से करीब नौ घंटे तक पूछताछ की थी।
अधिकारी ने बताया कि खियांग्ते ने 22 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके एक दिन बाद सीआईडी ने लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के संबंध में उनके आधिकारिक आवास सहित कई स्थानों पर तलाशी ली थी।
खियांग्ते ने सोमवार को कहा था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्होंने ‘‘स्वेच्छा से इस्तीफा देने का विकल्प चुना।’’
राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें पिछले साल फरवरी में जेपीएससी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
सीआईडी ने इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शनों के बीच आयोग ने ‘‘अपरिहार्य परिस्थितियों’’ का हवाला देते हुए 25 जुलाई से 27 जुलाई तक होने वाली जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी।