आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एक आईएएस अधिकारी द्वारा अपनी महिला सहकर्मी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल, ‘वोट चोरी’ और अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के श्रीनगर स्थित मुख्यालय पर बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता एकत्र हुईं और विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी कुमार राजीव रंजन के खिलाफ नारेबाजी की।
रंजन पर बुधवार को एक समीक्षा बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) की एक महिला अधिकारी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है।
प्रदर्शनकारियों ने रंजन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और पीड़ित जेकेएएस अधिकारी बीनिश वानी के समर्थन में नारे लगाए।
इसके साथ ही, उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी प्रदर्शन किया और उन पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड के एक रिजॉर्ट में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी सख्त कार्रवाई की मांग की। भंडारी की वर्ष 2022 में हत्या कर दी गई थी। अंकिता के माता-पिता ने न्याय की मांग करते हुए बुधवार को दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना दिया था।