आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिंगापुर पुलिस बल (एसपीएफ) ने पुष्टि की है कि 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में हुई गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में जांच पूरी हो गई है और इसमें किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक कृत्य के सबूत नहीं मिले हैं।
बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया कि सिंगापुर के ‘कोरोनर्स एक्ट, 2010’ के तहत एसपीएफ ने मामले की गहन जांच की, उपलब्ध सबूतों की पड़ताल की और सभी संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए।
एसपीएफ ने कहा कि यह बयान मीडिया के सवालों के जवाब में जारी किया गया है और आमजन को ऐसी टिप्पणियां करने से बचने की सलाह दी गई है जो अदालत के फैसले या न्यायिक प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाती हों।
बयान में कहा गया कि एसपीएफ की जांच से स्थापित हुआ है कि गर्ग लाजरूस आइलैंड के पास के समुद्री क्षेत्र में एक नौका (यॉट) यात्रा पर थे। तैराकी के दौरान उन्होंने शुरू में लाइफ जैकेट पहन रखी थी लेकिन बाद में उन्होंने उसे उतार दिया था और वह लाइफ जैकेट के बिना ही नौका पर लौटे थे।
बयान के मुताबिक, जब वह दूसरी बार पानी में उतरे तो उन्होंने अकेले एवं नौका से दूर तैराकी की तथा पानी में जाने से पहले ‘लाइफ जैकेट’ की पेशकश किए जाने के बावजूद वह उसके बिना ही पानी में गए। इसके बाद वह नौका की ओर तैरकर लौटते समय अचेत होते देखे गए।
बयान के अनुसार, गर्ग को नौका के कैप्टन एवं उनके समूह के सदस्यों ने तुरंत बाहर निकाला और उन्हें नौका पर वापस लाया गया जहां उन्हें फौरन ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन’ (सीपीआर) दिया गया।