India is constantly monitoring developments in its neighbourhood and beyond: Rajnath Singh
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत अपने क्षेत्र और उससे बाहर हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख रहा है और उनके रणनीतिक प्रभावों का आकलन कर रहा है क्योंकि दुनिया आधुनिक युद्ध एवं वैश्विक सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही है।
सिंह ने जोधपुर वायुसेना स्टेशन पर आयोजित अभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ के तहत हवाई प्रदर्शन देखने के बाद अपने संबोधन में कहा, “भारत अपने क्षेत्र और उससे बाहर हो रहे घटनाक्रमों पर लगातार नजर रख रहा है तथा उनके रणनीतिक प्रभावों का भी आकलन कर रहा है।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि स्थापित वैश्विक व्यवस्था तेजी से बदल रही है और भविष्य की व्यवस्था कैसी होगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर भारतीय सशस्त्र बलों की संरचना, संसाधनों और रणनीति में बुनियादी बदलाव किए जा रहे हैं।
सिंह ने कहा, “आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण का मतलब दुनिया से अलग-थलग रहना नहीं है। इसका अर्थ महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकियों के डिजाइन और विकास के साथ-साथ उनके निर्माण, रखरखाव और उन्नयन की घरेलू क्षमता विकसित करना है।”
‘तरंग शक्ति’ अभ्यास 26 सितंबर को शुरू हुआ था और 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं हिस्सा ले रही हैं।