भारत ने जमैका को इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड उपहार में दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-05-2026
India gifts electronic scoreboard to Jamaica
India gifts electronic scoreboard to Jamaica

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस के साथ मिलकर रविवार को यहां सबीना पार्क में भारत द्वारा उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का अनावरण किया।
 
इस अवसर पर जयशंकर ने कहा कि भारत और जमैका के बीच संबंध क्रिकेट की गहराई से निहित हैं।
 
किंगस्टन स्थित सबीना पार्क जमैका क्रिकेट टीम का घरेलू मैदान है। यह वेस्टइंडीज के इस राष्ट्र का एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैदान है।
 
जयशंकर ने रविवार को समारोह के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और जमैका की कहानी रनों में लिखी गई है, सम्मान में लिखी गई है, दोस्ती में लिखी गई है। प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस जेएम के साथ सबीना पार्क में भारत द्वारा उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का औपचारिक रूप से अनावरण किया।’’
 
जयशंकर ने आशा व्यक्त की कि नया स्कोरबोर्ड कई यादगार पारियों का गवाह बनेगा, जिनमें वे पारियां भी शामिल होंगी जो दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता का प्रतीक होंगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य की कई महान पारियों को इस स्कोरबोर्ड पर दर्ज किया जाएगा। उनमें से एक भारत-जमैका की मित्रता की पारी भी हो।’’
 
जयशंकर ने इस समारोह में जमैका के क्रिकेट दिग्गज क्रिस गेल की अनुपस्थिति पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि उनकी कमी महसूस की गई।
 
गेल, कर्टनी वॉल्श और माइकल होल्डिंग सहित जमैका के कई खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेस्टइंडीज क्रिकेट को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।