उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करेगा ‘इंडिया’ गठबंधन, संविधान बचाने की लड़ाई जारी रहेगी: राहुल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-10-2026
'India' alliance will file petition in Supreme Court, fight to save Constitution will continue: Rahul
'India' alliance will file petition in Supreme Court, fight to save Constitution will continue: Rahul

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि वह और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर करेंगे और ‘‘संविधान बचाने की लड़ाई’’ जारी रखेंगे।
 
उन्होंने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि लोगों को राजधानी पहुंचने से रोका जा रहा है और बसों तथा ट्रेनों से उतारा जा रहा है।
 
गांधी ने विपक्षी नेताओं के उच्चतम न्यायालय तक प्रस्तावित मार्च से पहले संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली को ‘‘पूरी तरह से किले में तब्दील’’ कर दिया गया है और हजारों पुलिसकर्मियों तथा सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता उच्चतम न्यायालय जाएंगे और याचिका दायर करेंगे। जो प्रतिरोध चल रहा है, वह एक दिन की बात नहीं है। हम लगातार यह कर रहे हैं।’’
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह नहीं समझा जाना चाहिए कि विरोध पांच दिन पहले शुरू हुआ है, बल्कि ‘‘यह प्रतिरोध वर्षों से चल रहा है।’’
 
गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोक रही है।