आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उच्चतम न्यायालय ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सोमवार को टिप्पणी की, ‘‘आप सियासी दलों को अपने मुद्दे उठाने से कैसे रोक सकते हैं?’’ याचिका में आरोप लगाया गया था कि कुछ नेताओं और अन्य लोगों के बयानों से न्याय प्रक्रिया में बाधा आती है।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ दो वकीलों द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसमें कुछ नेताओं द्वारा सोशल मीडिया सहित अन्य मंचों पर और सार्वजनिक रूप से न्यायपालिका के खिलाफ दिए गए हालिया बयानों और टिप्पणियों का जिक्र किया गया था।
याचिकाकर्ताओं का पक्ष रखने के लिए पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने हाल ही एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें एक वकील ने अदालत कक्ष में प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
भाटिया ने कहा, ‘‘यह अदालत एक घटना पर विचार कर रही है। इसका सीधा असर न्यायपालिका पर पड़ता है। इस याचिका के दायर होने के बाद दो और घटनाएं हुई हैं। यह एक गंभीर मामला है।’’