Himachal Pradesh receives 82% less rainfall than normal in November, minimum temperature minus 5.1 degrees Celsius
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश में नवंबर में सामान्य से 82 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्यभर में शुष्क ठंड का प्रकोप जारी है और जनजातीय एवं ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
शुक्रवार को राज्यभर में मौसम शुष्क रहा, जबकि बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा।
मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस महीने सामान्य बारिश 17.1 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर बारिश हुई, जो 82 प्रतिशत की कमी दर्शाती है।
बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश नहीं हुई, जबकि कांगड़ा में 99 प्रतिशत, कुल्लू और मंडी में 98 प्रतिशत, सोलन में 96 प्रतिशत, शिमला में 91 प्रतिशत, चंबा में 87 प्रतिशत, लाहौल एवं स्पीति में 66 प्रतिशत और किन्नौर में 52 प्रतिशत कम बारिश हुई।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को एक दिसंबर तक देर रात और सुबह के शुरुआती घंटों में बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घने कोहरे को लेकर ‘‘येलो अलर्ट’’ जारी किया।
लाहौल एवं स्पीति जिले का ताबो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।