मानसून के सक्रिय होने के कारण केरल में भारी बारिश की चेतावनी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
Heavy rain warning in Kerala as monsoon becomes active
Heavy rain warning in Kerala as monsoon becomes active

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केरल में सोमवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहा और राज्य भर में ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी हैं।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जो अलग-अलग हिस्सों में 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की अत्यधिक भारी बारिश की आशंका होने पर जारी किया जाता है।
 
तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और वायनाड जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस अलर्ट के अनुसार इन क्षेत्रों में छह सेंमी से 11 सेंमी तक भारी बारिश होने की संभावना है।
 
मंगलवार के लिए आईएमडी ने मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है वही पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
 
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है क्योंकि केरल के तटों और उनके आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
सोमवार के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तिरुवनंतपुरम जिले के लिए तीन घंटे का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है जिसमें 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और गरज और बिजली के साथ छिटपुट स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
 
भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सावधानी के तौर पर राज्य भर में कई पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया है।
 
अधिकारियों ने भूस्खलन, कीचड़ धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ से निवासियों को सतर्क रहने और अधिकारियों द्वारा सलाह दिए जाने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।
 
तेज़ हवाओं की संभावना को देखते हुए कमज़ोर या कच्चे मकानों में रहने वालों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
 
अधिकारियों ने जनता से तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति में सुधार होने तक जलप्रपातों, जलाशयों और पहाड़ी पर्यटन स्थलों से दूर रहने का आग्रह किया है।
 
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा कि पूरे राज्य में तालुक और जिला स्तर के नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।