दिल्ली में किसान महापंचायत से पहले हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर सील किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-07-2026
Haryana Police seals Shambhu border ahead of farmers' mahapanchayat in Delhi
Haryana Police seals Shambhu border ahead of farmers' mahapanchayat in Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में महापंचायत में शामिल होने दिल्ली जा रहे किसानों को रोकने के लिए शंभू बॉर्डर पर अवरोधक लगाए जाने को लेकर मंगलवार को हरियाणा सरकार की आलोचना की।
 
पंजाब के विभिन्न इलाकों से किसान अपने-अपने संगठनों के झंडे लिए मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी की ओर जाने के लिए शंभू बॉर्डर पर इकट्ठा हुए।
 
‘देश बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले दिल्ली के किसान घाट पर एक दिवसीय ‘किसान महापंचायत’ का आयोजन किया जा रहा है।
 
पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। किसानों को रोकने के लिए घग्गर नदी पर बने पुल पर अवरोधक लगाए गए हैं और सीमेंट के ब्लॉक रख दिए गए हैं।
 
किसान नेताओं ने पहले ही कहा था कि पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में किसान इस महापंचायत में भाग लेंगे। पंजाब के विभिन्न हिस्सों से किसान बसों के जरिए दिल्ली जाने की तैयारी कर चुके हैं।
 
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में पंढेर ने संवाददाताओं से कहा कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार उन्हें शंभू बॉर्डर पर रोक रही है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ‘‘असली चेहरा’’ सामने आ गया है, जबकि वह अक्सर पंजाब आकर राज्य के लोगों से बड़े-बड़े वादे करते हैं।
 
पंढेर ने कहा कि किसान प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को पूरी तरह रद्द करने की मांग कर रहे हैं।