Government implementing irrigation projects worth Rs 20,884 crore in Rayalaseema: Naidu
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार सूखा प्रभावित रायलसीमा क्षेत्र में जल संरक्षण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, जल भंडारण क्षमता बढ़ाने, सिंचाई अवसंरचना के आधुनिकीकरण और सिंचित क्षेत्र के विस्तार के लिए 20,884 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 1,472 करोड़ लीटर अतिरिक्त जल भंडारण क्षमता विकसित होने, 4.37 लाख एकड़ क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था स्थिर होने तथा लगभग 9.80 लाख एकड़ अतिरिक्त भूमि को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार नायडू ने कहा, ‘‘सरकार रायलसीमा में 20,884 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक सिंचाई परियोजनाएं लागू कर रही है। इनका उद्देश्य लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करना, मौजूदा अवसंरचना का आधुनिकीकरण करना, जलाशयों को सुदृढ़ बनाना, जल उपयोग दक्षता बढ़ाना और क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया कि सरकार वैधानिक रूप से स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ-साथ मौजूदा सिंचाई तंत्र को मजबूत करने और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेष ध्यान दे रही है।
हंद्री-नीवा सुजला श्रवंती (एचएनएसएस) परियोजना इस कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा है। इस परियोजना पर पिछले एक वर्ष में लगभग 3,880 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि नहरों को मजबूत करने के लिए 3,145 करोड़ रुपये अतिरिक्त निर्धारित किए गए हैं।