आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उच्चतम न्यायालय ने 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में दोषी करार दिये गए एक व्यक्ति की आजीवन कारावास की सजा सोमवार को स्वास्थ्य कारणों से निलंबित कर दी।
न्यायमूर्ति एम. एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने दोषी इरफान सिराज पाड़ा की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया।
याचिकाकर्ता की स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए, उसके वकील ने कहा कि पाड़ा 18 वर्षों से जेल में है।
गुजरात सरकार के वकील ने याचिका का विरोध नहीं किया।
पीठ ने कहा, ‘‘उपरोक्त तथ्यों को देखते हुए, हम याचिकाकर्ता की सजा केवल स्वास्थ्य आधार पर निलंबित करने को इच्छुक हैं।’’
गुजरात के गोधरा में 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एक डिब्बे में की गई आगजनी में 59 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद राज्य में दंगे भड़क गए। ट्रेन अग्निकांड मामले में मार्च 2002 में गिरफ्तार किए गए पाड़ा ने स्वास्थ्य कारणों को लेकर जमानत अर्जी दायर की थी।
यह अर्जी गुजरात उच्च न्यायालय के अक्टूबर 2017 के फैसले को चुनौती देने वाली उसकी लंबित अपील में दायर की गई थी, जिसमें इस मामले में उसकी दोषसिद्धि और आजीवन कारावास को बरकरार रखा गया था।