GB Pant's vision will continue to guide Uttar Pradesh's development: Yogi Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि गोविंद बल्लभ पंत द्वारा पेश किये गये दृष्टिकोण और सुधारों ने इस राज्य के विकास की नींव रखी और आज भी इसकी प्रगति का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
पंत की पुण्यतिथि पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने उन्हें भारत माता का एक ‘‘महान सपूत’’, एक प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, प्रसिद्ध न्यायविद् और एक सक्षम प्रशासक बताया, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और बाद में केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में कार्य किया।
पंत का जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था, जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के आह्वान से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी वकालत छोड़ दी और स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हो गये।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘पंडित गोविंद बल्लभ पंत द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए सुधार और दृष्टिकोण उत्तर प्रदेश के विकास को प्रेरित और निर्देशित करते रहेंगे।’’
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में पंत के योगदान पर प्रकाश डाला और कहा कि उन्होंने हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।