‘अश्लील’ गाने पर छात्रों के साथ नाचने के आरोप में गढ़वा में प्रधानाध्यापक निलंबित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-03-2026
Garhwa headmaster suspended for dancing with students to 'obscene' song
Garhwa headmaster suspended for dancing with students to 'obscene' song

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड के गढ़वा जिले में छात्रों के साथ एक 'अश्लील' गाने पर नाचने के आरोप में एक स्कूल के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है और दो सहायक शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें प्रधानाध्यापक और दो सहायक शिक्षक विदाई समारोह के दौरान आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के साथ नृत्य करते दिखाई दे रहे हैं। इस कथित वीडियो के वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
 
अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के मेराल प्रखंड के सोहबरिया स्थित एक विद्यालय में एक मार्च को हुई थी। गढ़वा जिला प्रशासन ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की।
 
जिला शिक्षा अधिकारी कैसर रजा ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में ये आरोप गंभीर पाए गए। इसके आधार पर, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार रंजन को झारखंड सरकारी सेवा नियम 2016 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।’’
 
इस मामले में सहायक शिक्षकों पुरुषोत्तम पंडित और सुबेश्वर राम के आचरण को भी अनुचित पाया गया है।
 
विज्ञप्ति के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि उनके खिलाफ झारखंड सहायक अध्यापक सेवाशर्त नियमावली, 2021 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाए।