From Ram Mandir to Vande Mataram, Durga Puja showcases national heritage and nationalism
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राम मंदिर की प्रतिकृति, राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित कलाकृतियों और भारत माता की भव्य प्रतिमाओं तक-पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद इस साल कोलकाता के कई दुर्गा पूजा आयोजनों में भारतीय सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रवाद की झलक देखने को मिल रही है।
शनिवार को महासप्तमी के अवसर पर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान विभिन्न विषय पर आधारित पंडालों में देश की आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के विविध रूप देखने को मिले।
मध्य कोलकाता के मोहम्मद अली पार्क में यूथ एसोसिएशन ने राम मंदिर की भव्य स्थापत्य शैली पर आधारित पंडाल बनाया है जिसमें रामायण के विभिन्न प्रसंगों को बारीकी से उकेरा गया है।
एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमारा उद्देश्य दुर्गा पूजा के पारंपरिक स्वरूप को बनाए रखते हुए भारत की स्थापत्य विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को सामने लाना है।”
कलाकार चिरंजीव के निर्देशन में तैयार इस पंडाल को मुख्य रूप से प्लाईवुड और बांस से बनाया गया है। इसकी संरचना में रामायण के दृश्यों और भगवान राम के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को दर्शाया गया है।