आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में अगले दो वर्षों में चार नए हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे।
नायडू ने राज्य में ‘उड़ान’ योजना के क्रियान्वयन के लिए नागर विमानन मंत्रालय और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच समझौते पर हस्ताक्षर के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में हवाई संपर्क की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोलकाता में दूसरा हवाई अड्डा भी चाहती है।
उन्होंने कहा कि चार नए हवाई अड्डे पुरुलिया के छर्रा, पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट और अलीपुरद्वार के हासीमारा में बनाए जाएंगे।
नायडू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अगले 10 वर्षों के दौरान ‘उड़ान’ योजना के तहत 29,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पश्चिम बंगाल सरकार से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई नागर विमानन नीति बनाने का भी अनुरोध करूंगा।’’