आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की पूर्व अधिकारी दिव्या मित्तल ने बृहस्पतिवार को ‘जन नीति भारत’ नाम से एक नई राजनीतिक पार्टी के गठन की घोषणा की और कहा कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी।
मित्तल ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि उनकी पार्टी नीति निर्माण की प्रक्रिया में आम लोगों को केंद्र में रखेगी और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान लगातार जनता के प्रति जवाबदेह बनी रहे, न कि केवल चुनाव के समय।
पार्टी के नाम और आगामी विधानसभा चुनाव में भाग लेने के फैसले की घोषणा करते हुए मित्तल ने कहा, ‘‘राजनीति आप पर शासन करती है। जन नीति में, आप ही वे होंगे जो शासन करेंगे।’’
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), दिल्ली और भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरु की छात्रा रह चुकी हैं। उन्होंने 13 साल के करियर के बाद 30 अगस्त को भारतीय प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी।
इसके बाद उन्होंने 29 सितंबर को राजनीति में प्रवेश करने की घोषणा की थी।
नई पार्टी के गठन के साथ ही मित्तल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने का ऐलान किया है। उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनता को केंद्र में रखकर नीतियां बनाने और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने के मुद्दों पर ध्यान देगी।