आईआईटीएफ 2026 में पहली बार अपनी प्रकाशन विरासत के साथ शामिल हुआ NBT

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
For the first time, the National Book Trust participated in IITF 2026, showcasing its publishing legacy.
For the first time, the National Book Trust participated in IITF 2026, showcasing its publishing legacy.

 

नई दिल्ली।

नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया (एनबीटी) ने इस वर्ष पहली बार भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में अपनी भागीदारी दर्ज कराई है। ‘विकास और विरासत’ थीम के तहत स्थापित एनबीटी के पवेलियन का उद्घाटन एनबीटी के मुख्य संपादक एवं संयुक्त निदेशक कुमार विक्रम ने किया।

इस अवसर पर एनबीटी के संयुक्त निदेशक (प्रशासन एवं वित्त) मयंक सुरोलिया, बिक्री एवं विपणन प्रबंधक इमरान उल-हक सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आईआईटीएफ में एनबीटी की यह पहली भागीदारी है। इसके माध्यम से संस्थान ने देश के प्रमुख व्यापारिक मंचों में से एक पर पुस्तकों, प्रकाशन और साहित्यिक गतिविधियों की समृद्ध दुनिया को प्रस्तुत किया है। पवेलियन में आने वाले दर्शकों को पुस्तकों की विविधता देखने के साथ-साथ पुस्तक व्यापार, थोक खरीद और संस्थागत सहयोग की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।

एनबीटी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुस्तकों के प्रचार-प्रसार, प्रकाशन गतिविधियों और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। पवेलियन में हिंदी, अंग्रेजी और देश की प्रमुख भारतीय भाषाओं की करीब 1,000 पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। यहां आने वाले पाठक एनबीटी के विभिन्न प्रकाशनों को देख सकते हैं और साहित्य एवं पुस्तक जगत से परिचित हो सकते हैं।

एनबीटी की ओर से बताया गया कि आईआईटीएफ में पहली बार भागीदारी संस्थान की पहुंच का विस्तार करने और पाठकों, प्रकाशकों तथा विभिन्न संस्थागत भागीदारों के साथ अपने संबंध मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आईआईटीएफ 2026 : प्रमुख जानकारी

  • आयोजन: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026

  • थीम: विकास और विरासत

  • तारीख: 14 से 27 नवंबर 2026

  • स्थान: भारत मंडपम, नई दिल्ली