सोशल मीडिया के इस्तेमाल में नैतिक सीमाओं का पालन जरूरी : डॉ. खान यासिर

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 16-11-2026
Adherence to ethical boundaries in the use of social media is essential: Dr. Khan Yasir
Adherence to ethical boundaries in the use of social media is essential: Dr. Khan Yasir

 

नई दिल्ली।

सोशल मीडिया आज केवल मनोरंजन या समय बिताने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि जीवन के लगभग हर क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। हमारे आपसी संबंधों, शिक्षा, व्यापार, राजनीति, सामाजिक व्यवहार और विचारों के निर्माण में इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जरूरी है कि हम न केवल यह समझें कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल कैसे किया जाए, बल्कि यह भी तय करें कि इसका उपयोग किस उद्देश्य और किन नैतिक सीमाओं के भीतर रहकर किया जाना चाहिए।

ये बातें इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इस्लामिक स्टडीज के शिक्षक डॉ. खान यासिर ने कहीं। वह रविवार को जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के मीडिया हॉल में आयोजित एक आम सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय 'सोशल मीडिया, ईमान, नैतिकता और जिम्मेदारी' था। इसमें सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, उसके सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं तथा उसके इस्तेमाल से जुड़ी नैतिक जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।

अपने संबोधन में डॉ. खान यासिर ने कहा कि सोशल मीडिया आज के दौर में संचार का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। दुनिया भर में तीन अरब से अधिक लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बावजूद फेसबुक पर हजारों दोस्त और इंस्टाग्राम पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स होने के बाद भी लोग अकेलापन महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एक ऐसे काफिले की तरह है, जिसमें हर व्यक्ति अकेला है। इसके बढ़ते इस्तेमाल से वास्तविक दुनिया के साथ लोगों के संबंध कमजोर हो रहे हैं। लोग सार्थक बातचीत और उपयोगी गतिविधियों के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं। अब उन्हें लगभग हर काम के लिए मोबाइल फोन की जरूरत महसूस होती है। इस स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

डॉ. यासिर ने सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभावों से सावधान करते हुए कहा कि हमें ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए, जिससे अश्लीलता, नाच-गाने, गैर-गंभीर मनोरंजन, बेवजह हंसी-मजाक और निरर्थक गतिविधियों को बढ़ावा मिले। इसके बजाय हमारा ध्यान गंभीर, उद्देश्यपूर्ण और लाभकारी विषयों पर होना चाहिए। हमें सोशल मीडिया के माध्यम से नैतिक और गुणवत्तापूर्ण सामग्री को बढ़ावा देना चाहिए।

इस अवसर पर डॉ. खान यासिर ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए दस सूत्रीय दिशा-निर्देश भी प्रस्तुत किए। इनमें सोशल मीडिया की प्रकृति और उसके प्रभावों को समझना, उसका उद्देश्यपूर्ण और संतुलित इस्तेमाल करना, हया, तकवा और पवित्रता की रक्षा करना, सत्य, न्याय और ईमानदारी का पालन करना, भाषा की शुद्धता और संवाद के नैतिक नियमों का ध्यान रखना तथा निजता और व्यक्तिगत जीवन की सुरक्षा करना शामिल है।

इसके अलावा उन्होंने सोशल मीडिया पर दीन की दावत देने और मतभेद व्यक्त करने के आदाब, उपयोगी एवं रचनात्मक सामग्री तैयार करने, अल्लाह के सामने जवाबदेही के एहसास और सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक सुधार तथा सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

अपने संबोधन के समापन में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अपने आप में न पूरी तरह अच्छा है और न बुरा। यह महज एक माध्यम है। इसका सकारात्मक या नकारात्मक होना काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि हम इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य और किस तरीके से करते हैं।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सोशल मीडिया के इस्तेमाल का उद्देश्य तय करना चाहिए और खुद से सवाल करना चाहिए कि वह इसका उपयोग क्यों कर रहा है। क्या इसका मकसद ज्ञान हासिल करना, उपयोगी गतिविधियों से जुड़ना, सामाजिक संपर्क बढ़ाना या दीन की बात पहुंचाना है, अथवा केवल समय बिताना और बिना किसी उद्देश्य के व्यस्त रहना? जब उद्देश्य स्पष्ट होगा, तभी इसके इस्तेमाल में संतुलन और सकारात्मकता आ सकेगी।

कार्यक्रम में जमाअत-ए-इस्लामी हिंद की ओर से सोशल मीडिया के सकारात्मक और रचनात्मक इस्तेमाल को लेकर शुरू की जा रही देशव्यापी मुहिम की भी घोषणा की गई। यह अभियान 15 नवंबर से 22 नवंबर तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के बीच इसके सकारात्मक और जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर जागरूकता पैदा करना तथा अधिक से अधिक लोगों को जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जोड़ना है।

कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जहीर अहमद ने किया।