Five-year campaign against climate change has had little impact, and tougher targets are needed: report
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दुनिया पिछले पांच वर्षों में ‘ग्लोबल वार्मिंग’ की रफ्तार धीमी करने या उसे रोकने में नाकाम रही है जिसकी प्रमुख वजह योजनाओं का धरातल पर नहीं उतर पाना और सकारात्मक प्रयासों के प्रभाव को दूसरे प्रतिकूल कदमों से बेअसर कर दिया जाना है। एक रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
यह चिंताजनक आकलन तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप-31) के दौरान सामने आया है। सम्मेलन में बृहस्पतिवार को विभिन्न देशों के नेता बढ़ते वैश्विक तापमान और इससे निपटने की अपनी योजनाओं पर विचार रखेंगे।
स्वतंत्र संस्था ‘क्लाइमेट एक्शन ट्रैकर’ ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘‘कुल मिलाकर, पिछले लगातार पांच वर्षों से जलवायु संरक्षण के प्रयासों में ठहराव बना हुआ है, क्योंकि सकारात्मक और नकारात्मक कदमों ने प्रभाव को बेअसर कर दिया है।’’
रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 में हुए पेरिस जलवायु समझौते के बाद शुरुआती पांच वर्षों में दुनिया ने इतनी प्रगति की थी कि संभावित तापवृद्धि के अनुमान में एक डिग्री सेल्सियस (1.8 डिग्री फारेनहाइट) की कमी आई थी। हालांकि, इसके बाद से स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
जलवायु परिवर्तन मुख्य रूप से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण होता है। इन गैसों का उत्सर्जन कोयला, तेल और प्राकृतिक गैस जैसे जीवाश्म ईंधनों को जलाने से होता है।