पहला प्रयास विफल, चक्काकोम्बन हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की नई योजना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
First attempt fails, new plan to radio collar Chakkakomban elephant
First attempt fails, new plan to radio collar Chakkakomban elephant

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
वन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे जिले के चिन्नाकनाल इलाके में घूम रहे जंगली हाथी चक्काकोम्बन को पकड़ने और रेडियो कॉलर लगाने के लिए नयी योजना तैयार कर रहे हैं।

मुख्य वन संरक्षक डी के विनोद कुमार ने कहा कि बुधवार को कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण अभियान रोक दिए जाने के बाद अब नयी रणनीति अपनाई जाएगी।
 
चिन्नाकनाल की 301 कॉलोनी में हाल ही में हाथी के बार-बार रिहायशी इलाकों में घुसने, कटहल की तलाश में लोगों पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन हुए थे।
 
इसके बाद सरकार ने हाथी को बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाने का फैसला किया, ताकि उसकी नियमित निगरानी की जा सके और उसे मानव बस्तियों के आसपास आने से रोका जा सके।
 
अभियान के दूसरे दिन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि हाथी चेम्बरथुकुझी आदिवासी बस्ती के एक इलायची बागान में है, लेकिन कम दृश्यता के कारण फिलहाल अभियान चलाना संभव नहीं है।
 
उन्होंने कहा, ''दृश्यता कम होने से डार्ट चलाने के लिए सही दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल है। हाथी के खुले स्थान पर आने के बाद फिर अभियान चलाया जाएगा।''
 
कुमार ने कहा कि सभी दल मौके पर तैनात हैं और बुधवार के अभियान में सामने आई कमियों को दूर कर लिया गया है।
 
बेहतर तालमेल और सुरक्षा के लिए चार दलों की जगह अब दो दल अभियान में शामिल होंगे। कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।