FIR filed against TMC candidate from Behala West seat Ratna Chattopadhyay for vandalism
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय के खिलाफ दक्षिण कोलकाता के पर्णश्री इलाके में कथित तोड़फोड़ के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आगामी विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान पर्णश्री इलाके में कथित तोड़फोड़ की शिकायतों के बाद पांच अप्रैल को यह मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायत पर्णश्री क्षेत्र में कथित तोड़फोड़ की घटनाओं से संबंधित है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “टीएमसी उम्मीदवार रत्ना चट्टोपाध्याय रविवार को पर्णश्री में तोड़फोड़ के मामले में शामिल पाई गईं। उसी दिन, पांच अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। पूरे घटनाक्रम में शामिल और प्राथमिकी में नामजद लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।”
रविवार को बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार इंद्रनील खान ने पर्णश्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की।
भारत निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि उसने जिला प्रशासन से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारी ने कहा, “हमने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।”
आरोपों पर चट्टोपाध्याय या टीएमसी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदान 29 अप्रैल को होना है।