आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टीवीएस मोटर के मानद चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन ने सोमवार को कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) ही एकमात्र समाधान नहीं हैं और उत्सर्जन घटाने के प्रयासों में वाहन उद्योग को प्रौद्योगिकी-तटस्थ रुख अपनाना चाहिए।
श्रीनिवासन ने गुणवत्ता प्रबंधन पर केंद्रित ‘आईएफक्यूएम संगोष्ठी 2026’ से इतर बातचीत में कहा, ‘‘हमें प्रौद्योगिकी के मामले में तटस्थ या निरपेक्ष रहना चाहिए और प्रदूषण, गुणवत्ता तथा पर्यावरण के लिहाज से देश पर इसके कुल प्रभाव को देखना चाहिए। इसलिए, ईवी ही एकमात्र समाधान नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि ईवी को उपभोक्ताओं की पसंद के आधार पर स्वाभाविक रूप से बढ़ने देना चाहिए। भारत में खासकर तिपहिया एवं दोपहिया वाहन क्षेत्र में ईवी का इस्तेमाल बढ़ रहा है।
पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के बारे में उन्होंने कहा कि इससे भारत को ईंधन आयात पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है और अब तक वाहनों के प्रदर्शन पर इसका असर बहुत सीमित रहा है।