आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड में देहरादून हवाई अड्डे के पास बृहस्पतिवार तड़के एक हाथी ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया और अपने पैर से कुचलने की कोशिश की। हालांकि, हाथी के वहां से जाने के बाद व्यक्ति उठकर अपनी मोटरसाइकिल लेकर चला गया।
यह घटना देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर तड़के तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वीडियो में देहरादून वन प्रभाग की थानों वन रेंज के विडालना वन कक्ष से निकला हाथी बुलेट मोटरसाइकिल पर जा रहे व्यक्ति को गिराता और उसके पेट पर पैर रखकर उसे कुचलने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हाथी सड़क किनारे टूटी रेलिंग के पास से वापस जंगल की ओर चला गया। हाथी के वहां से जाने के बाद व्यक्ति उठ खड़ा हुआ और अपनी मोटरसाइकिल लेकर चला गया।
शिव शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने यह वीडियो अपने फेसबुक खाते पर साझा किया है। हालांकि, अब तक पीड़ित व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।