Delhi records wettest October day in four years, minimum temperature 18.7 degrees Celsius
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में सोमवार तड़के भारी बारिश और गरज के साथ तूफान के कारण तापमान गिरकर इस महीने के अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया और इसी के साथ यह दिन पिछले चार साल में अक्टूबर में एक दिन में सबसे अधिक बारिश वाला दिन भी बन गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटे में सफदरजंग वेधशाला में 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इससे पहले अक्टूबर में इससे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, तब सफदरजंग में करीब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में सोमवार को न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम और इस महीने अब तक का सबसे कम तापमान है।
आईएमडी के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में यह 18.7 डिग्री, रिज में 20 डिग्री और आयानगर में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।