कांग्रेस के नए नेता पर फैसला आज, शिवकुमार सबसे आगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-05-2026
Decision on new Congress leader today, Shivakumar leads the way
Decision on new Congress leader today, Shivakumar leads the way

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 कांग्रेस विधायक दल शनिवार शाम को यहां बैठक करने वाला है जिसमें नए नेता का चुनाव होगा और जो सिद्धरमैया के बाद कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालेगा।
 
सिद्धरमैया के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके डी के शिवकुमार के कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नए नेता के रूप में चुने जाने की व्यापक संभावना है।
 
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धरमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया और शुक्रवार को मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया।
 
सभी सांसदों को विधान सौध के सम्मेलन कक्ष में शाम चार बजे होने वाली सीएलपी बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है जिसकी निगरानी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के सी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला करेंगे।
 
सूत्रों के अनुसार, सिद्धरमैया स्वयं शिवकुमार को नए सीएलपी नेता के रूप में प्रस्तावित करेंगे या एक पंक्ति का प्रस्ताव पारित किया जा सकता है जिसमें कांग्रेस आलाकमान को अगले नेता का चयन करने का अधिकार दिया जाएगा।
 
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह रविवार या सोमवार को होने की संभावना है और यह संभवतः विधान सौध की भव्य सीढ़ियों पर आयोजित किया जाएगा।
 
ऐसी संभावना है कि कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे।
 
सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ नए मंत्रिमंडल के गठन और सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पर चर्चा की।
 
मंत्री पद के इच्छुक उम्मीदवारों ने नयी दिल्ली में आलाकमान के समक्ष पैरवी तेज कर दी है। जहां भंग किए गए मंत्रिपरिषद के कुछ मंत्री नए मंत्रिमंडल में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं इस बार मंत्रिमंडल में जगह पाने की उम्मीद रखने वाले विधायक भी राजधानी पहुंच चुके हैं।
 
सूत्रों के अनुसार, ऐसे संकेत हैं कि नए मंत्रिमंडल में पुराने और नए दोनों तरह के सदस्य होंगे। जातिगत समीकरणों, क्षेत्रों और सिद्धरमैया के वफादारों को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए संतुलन बनाने का प्रयास किया जाएगा।