आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान' ने शुक्रवार को गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट को पार किया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि उत्तरी आंध्र प्रदेश के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘चक्रवाती तूफान 'अकवान' आज 20 नवंबर, 2026 को सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे (भारतीय समयानुसार) के बीच 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा की गति के साथ गोपालपुर (19.1 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 84.8 डिग्री पूर्वी देशांतर के निकट) के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर गया। तट से टकराने की प्रक्रिया अगले दो घंटे तक जारी रहेगी।’’
इस दौरान हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
जैन ने श्रीकाकुलम जिले के लोगों को तूफान के तट पार करने की प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।