फ्लिपकार्ट की त्योहारी बिक्री के समय में बदलाव से तीसरी तिमाही में प्रभावित हुआ वॉलमार्ट का राजस्व

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-11-2026
Walmart's Q3 revenue hit by Flipkart's shift in festive sales timing
Walmart's Q3 revenue hit by Flipkart's shift in festive sales timing

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका की प्रमुख खुदरा कंपनी वॉलमार्ट ने कहा कि तीसरी तिमाही में उसकी राजस्व वृद्धि पर एक प्रतिशत का नकारात्मक असर पड़ा, क्योंकि उसकी भारतीय ई-कॉमर्स इकाई फ्लिपकार्ट की 'बिग बिलियन डेज' बिक्री इस साल चौथी तिमाही में चली गई।

वॉलमार्ट ने अपने तिमाही नतीजों में कहा, ''फ्लिपकार्ट के बिग बिलियन डेज (बीबीडी) आयोजन के समय ने तीसरी तिमाही में वृद्धि को नकारात्मक रूप से प्रभावित किया, जबकि चौथी तिमाही में इसका अपेक्षित लाभ मिलने की उम्मीद है।''
 
कंपनी पर यह असर इसलिए पड़ा क्योंकि पिछले साल की तुलना में फ्लिपकार्ट की 11 दिवसीय बिग बिलियन डेज (बीबीडी) का समय बदल गया और इसकी बिक्री का योगदान वॉलमार्ट के चौथी तिमाही के नतीजों में चला गया।
 
वॉलमार्ट इंक के कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) जॉन डेविड रेनी ने कहा, ''भारत में फ्लिपकार्ट के बिग बिलियन डेज आयोजन या बीबीडी के समय के कारण हमें तीसरी तिमाही में राजस्व वृद्धि में एक प्रतिशत की कमी का सामना करना पड़ा। इसे इस साल अंतरराष्ट्रीय खंड की चौथी तिमाही के नतीजों में दर्ज किया जाएगा।''
 
खबरों के मुताबिक नौ अक्टूबर 2026 को शुरू हुए बिग बिलियन डेज के 13वें संस्करण में ऑर्डर, इकाइयों और खरीदारों की संख्या में सालाना आधार पर 20 से 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।