न्यायालय ने बंगाल में एसआईआर न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-11-2026
Court orders increase in number of SIR tribunals in Bengal
Court orders increase in number of SIR tribunals in Bengal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उच्चतम न्यायालय ने निर्वाचन आयोग को कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श कर पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित अपीलों पर सुनवाई करने वाले अपीलीय न्यायाधिकरणों की संख्या बढ़ाने का सोमवार को निर्देश दिया।
 
शीर्ष अदालत ने निर्देश दिया कि मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाये जाने के खिलाफ दायर अपीलों को प्राथमिकता दी जाये, खासकर उन विधानसभा क्षेत्रों में जहां स्थानीय निकायों के चुनाव होने वाले हैं।
 
भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने न्यायाधिकरणों को अपीलों को दो श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया। इनमें एक श्रेणी मतदाता सूची से नाम हटाये जाने को चुनौती देने वाली और दूसरी श्रेणी मतदाता सूची में नाम शामिल किये जाने को चुनौती देने वाली अपीलों की होगी।
 
पीठ ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने को चुनौती देने वाली अपीलों में उतनी तात्कालिकता नहीं है और उन पर बाद में सुनवाई की जा सकती है।
 
पीठ ने निर्वाचन आयोग को कोलकाता के विभिन्न स्थानों पर उपयुक्त स्थानों की पहचान करने का भी निर्देश दिया, ताकि अपीलीय न्यायाधिकरणों तक पहुंच आसान हो सके और लंबित अपीलों का निपटारा तेजी से किया जा सके।
 
इसने कहा कि कोलकाता नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं से संबंधित अपीलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।