concern over the accident involving a bus carrying Amarnath pilgrims.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को गांदरबल जिले में अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर चिंता जताई और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अधिकारियों के अनुसार, गांदरबल जिले के कंगन इलाके में मंगलवार को एक तेज रफ्तार बस के सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम 39 श्रद्धालु घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि चालक के मोड़ पर नियंत्रण खो देने के बाद बस हरिगनवान में एक खाली मकान पर जा गिरी। हादसे में मकान को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन इसकी वजह से बस सिंध नदी में गिरने से बच गई।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कंगन के गुंद में हुए सड़क हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इस हादसे में अमरनाथ यात्रा पूरी कर श्रीनगर लौट रहे कई श्रद्धालु घायल हुए हैं।’’
मुख्यमंत्री ने घायलों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू को शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआईएमएस) जाकर घायलों के इलाज की निगरानी करने के लिए भेजा है।