Complications in cancer surgery may increase due to diabetes not being controlled: Expert
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि मधुमेह नियंत्रित नहीं होने से कैंसर के मरीजों में सर्जरी के बाद संक्रमण का खतरा काफी बढ़ सकता है और घाव भरने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।
उन्होंने सुरक्षित उपचार और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सर्जरी से पहले रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित कैंसर रोगियों को सर्जरी के दौरान अतिरिक्त चिकित्सकीय सावधानी बरतने की जरूरत होती है, क्योंकि रक्त में ग्लूकोज का स्तर अनियंत्रित रहने से कई तरह की जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं और मरीज को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ सकता है।
मुंबई के एसएसओ अस्पताल में सिर एवं गर्दन के कैंसर के सर्जन डॉ. अमित चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘रक्त में शर्करा का स्तर लगातार अधिक रहने से रक्त संचार प्रभावित हो सकता है, संक्रमण से लड़ने की शरीर की क्षमता कमजोर पड़ सकती है और क्षतिग्रस्त ऊतकों की मरम्मत की प्रक्रिया धीमी हो सकती है।’’