Ayodhya-Janakpur train will strengthen religious, cultural relations between India and Nepal: Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस से दोनों क्षेत्रों के बीच प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों में मजबूती आएगी जिससे नेपाली श्रद्धालु राम लला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारतीय श्रद्धालु मां जानकी का आशीर्वाद लेने जा सकेंगे।
यहां अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने इस रेल सेवा को दो संस्कृतियों का पवित्र और पौराणिक संगम बताते हुए कहा कि इससे भारत और नेपाल के बीच शताब्दियों पुराने संबंध और मजबूत होंगे।
उन्होंने कहा, “इस रेल सेवा से नेपाल से श्रद्धालु सीधे राम लला का दर्शन करने आ सकेंगे, जबकि भारत से श्रद्धालु जनकपुर धाम जा सकेंगे और माता जानकी का आशीर्वाद ले सकेंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो संस्कृतियों के पवित्र और पौराणिक संगम को आज सरयू कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित किया जा रहा है।