आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को बारिश की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इससे एक दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण सड़कों और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी।
आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग समय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह साढ़े आठ बजे 92 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में यह 25.2 डिग्री सेल्सियस, रिज में 22.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान 57.6 मिलीमीटर, लोधी रोड में 68.8 मिलीमीटर, आयानगर में 51.5 मिलीमीटर, रिज में 40.6 मिलीमीटर और पालम में 27.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 71 रहा जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।