पश्चिम दिल्ली में स्कूल के पास अज्ञात शख्स का रक्तरंजित शव मिला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-08-2026
Bloodied body of an unidentified man found near a school in West Delhi
Bloodied body of an unidentified man found near a school in West Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम दिल्ली के नारायणा विहार इलाके में सोमवार सुबह एक अज्ञात शख्स का निर्वस्त्र अवस्था में रक्तरंजित शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे पुलिस को नारायणा विहार स्थित सी-52 के सामने टी-पॉइंट के नजदीक सर्वोदय कन्या विद्यालय की दीवार के पास एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली।
 
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक अज्ञात शख्स का खून से लथपथ, निर्वस्त्र शव पड़ा मिला।
 
पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर से काफी मात्रा में खून बहा था। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष है।
 
जांच के दौरान मृतक की बाईं कलाई पर 'आनंद' और 'रेनू' नाम का टैटू बना हुआ पाया गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
 
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मृतक की पहचान करने तथा उसकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।