आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आर्थिक नीतियों को लेकर शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने मुनाफे के लिए ‘आर्थिक आतंकवाद’ लागू कर रही है, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) पर संकट गहरा गया है तथा युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है।
खरगे ने अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की एक पोस्ट की पृष्ठभूमि में यह टिप्पणी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की आर्थिक नीति का मकसद अर्थव्यवस्था का नियंत्रण अपने करीबी पूंजीपति मित्रों को सौंपना है, ताकि बदले में भाजपा को मुनाफे में हिस्सेदारी मिल सके।
खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण प्रतिस्पर्धा खत्म कर एकाधिकार और द्वयाधिकार को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की तिजोरी भरने का काम हुआ और आर्थिक उदारीकरण की नींव कमजोर हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दूरसंचार क्षेत्र का उदाहरण देते हुए दावा किया कि 2014 से पहले इस क्षेत्र में 13 कंपनियां थीं, जबकि अब केवल तीन बड़े निजी खिलाड़ी रह गए हैं।