असम सरकार ने 7,600 से अधिक ग्रेड तीन पदों के लिए परीक्षा परिणाम घोषित किये

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-10-2025
Assam government declares exam results for over 7,600 grade three posts
Assam government declares exam results for over 7,600 grade three posts

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
असम सरकार में 7,650 ग्रेड तीन पदों के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दावा किया कि उनकी सरकार में लगभग दो लाख नियुक्तियां की जा रही हैं।
 
असम सीधी भर्ती परीक्षा (एडीआरई) के तहत 50 विभागों के लिए आयोजित ग्रेड तीन पदों के परिणामों के साथ-साथ 600 से अधिक पदों के लिए चयन सूची भी अलग से घोषित की गई।
 
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘एक बार फिर हमने स्वच्छ, पारदर्शी और योग्यता-आधारित भर्ती के अपने वादे को पूरा किया है। आज एडीआरई और अन्य परिणामों की घोषणा के साथ असम ने सरकारी नियुक्तियों में ईमानदारी, निष्पक्षता और अवसर के लिए एक नया मानदंड स्थापित किया है।"
 
उन्होंने कहा, "हमने एक नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है और जो वादा किया था उससे अधिक प्रदान किया है।"
 
उन्होंने कहा, "हमने एक लाख नियुक्तियों का वादा किया था और आज लगभग दो लाख नियुक्तियां देने की दिशा में अग्रसर हैं, जो असम के युवाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सच्चा प्रमाण है।"
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित है और उनकी कड़ी मेहनत ही इस नये असम की सफलता को परिभाषित करती है।
 
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव और तृतीय श्रेणी पदों के लिए राज्य स्तरीय भर्ती आयोग के अध्यक्ष अजय तिवारी ने कहा, "ग्रेड तीन के 7,650 पदों के लिए परिणाम आज घोषित किए गए हैं और वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।"
 
उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को 50 विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्त किया जाएगा, जिनमें कृषि विभाग में सबसे अधिक 1,850 पद रिक्त हैं, इसके बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 873 पद तथा स्कूल शिक्षा विभाग में 581 पद हैं।
 
अधिकारी ने बताया कि ग्रेड-तीन पदों के लिए एडीआरई पिछले साल सितंबर में 28 जिलों में आयोजित की गई थी, जिसमें 17 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
 
तिवारी ने यह भी बताया कि एडीआरई परिणामों के साथ ही पुलिस में विभिन्न ग्रेड के 625 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों के नाम भी शुक्रवार को घोषित कर दिए गए।
 
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड ने इन 625 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी, जिनमें उपनिरीक्षक, कांस्टेबल और विभिन्न चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद शामिल हैं।
 
तिवारी ने कहा, "पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा आयोजित 5,614 और पदों के लिए परीक्षा परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे।"