आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है और कई जिलों में जलस्तर कम हो रहा है। राज्य में बाढ़ से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया है तथा प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख रह गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि एक केंद्रीय दल ने इस समय बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल शिवसागर का दौरा किया और राज्य के पूर्वी हिस्सों में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।
आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, बाढ़ से अब तक मरने वालों की संख्या 68 है। पिछले 24 घंटों में मौत का कोई और मामला दर्ज नहीं किया गया और किसी के लापता होने की भी सूचना नहीं मिली।
अधिकारियों ने बताया कि शिवसागर, गोलाघाट, चराइदेव, जोरहाट, नगांव और कामरूप (महानगर) जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। हालांकि, बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 4.45 लाख रह गई है।
चराइदेव सबसे अधिक प्रभावित जिला बना हुआ है, जहां 1.88 लाख लोग अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके बाद शिवसागर में 1.44 लाख और जोरहाट में 74,458 लोग प्रभावित हैं।
रविवार तक पांच जिलों में बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या 5.24 लाख से अधिक थी।