Assam beefs up surveillance, Dhubri district on alert after glacial lake outburst in Bhutan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पड़ोसी देश भूटान में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ (गोल्फ) यानी हिमनद झील के अचानक फटने से आई बाढ़ के बाद असम सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और राज्य के धुबरी जिले में अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, धुबरी जिले से होकर बहने वाली संकोश नदी के बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी से निपटने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "भूटान में हिमनद झील फटने से आई बाढ़ के कारण पैदा हुई स्थिति पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा करीबी नजर रख रहे हैं।"
पोस्ट में कहा गया, "धुबरी जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और बाढ़ से निचले इलाकों में पड़ सकने वाले प्रभावों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार है।"