Amit Shah will visit Delhi Police Headquarters today to review law and order.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा कर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं और राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस की तैयारियों तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर सकते हैं। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, शाह अपराह्न करीब तीन बजे जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।
यह दौरा 24 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में शाह की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद हो रहा है। उस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे।
पिछली बैठक में शाह ने बड़ी सभाओं और प्रदर्शनों से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों, खुफिया जानकारी जुटाने, भीड़ प्रबंधन और विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय की समीक्षा की थी।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध नेटवर्क, यातायात प्रबंधन और प्रदर्शनों से कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़ने देने के उपायों पर भी चर्चा हुई थी।
शाह ने 24 अक्टूबर के इस दौरे से पहले 30 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया था।