भाजपा-शिअद गठबंधन के बाद, प्रधानमंत्री 8 दिसंबर को पंजाब में राजग की पहली रैली करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-11-2026
After the BJP-SAD alliance, the Prime Minister will hold the first NDA rally in Punjab on December 8.
After the BJP-SAD alliance, the Prime Minister will hold the first NDA rally in Punjab on December 8.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच फिर से गठबंधन होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनावी प्रदेश पंजाब में आठ दिसंबर को राजग की पहली रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली भाजपा के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिलकर मोगा में एक बड़ी रैली आयोजित करेंगे। यह रैली अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन पर होगी।
 
सिरसा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री आठ दिसंबर को प्रकाश सिंह बादल के जन्मदिन के मौके पर मोगा पहुंचेंगे।"
 
भाजपा नेता ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, "(गठबंधन की घोषणा के बाद) यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पहली रैली होगी जिसे प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी इस रैली को संबोधित करेंगे।"
 
सिरसा ने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी, क्योंकि प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद दोनों दलों द्वारा मिलकर आयोजित किया जाने वाला यह पहला कार्यक्रम होगा।
 
प्रकाश सिंह बादल का अप्रैल 2023 में 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।