वयस्कों को जीवनसाथी चुनने का अधिकार, अंतरधार्मिक विवाह के लिए सुरक्षा दे पुलिस : अदालत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-07-2026
 police should provide security for inter-religious marriages: Court
police should provide security for inter-religious marriages: Court

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने हावड़ा में बुधवार को होने वाले अंतरधार्मिक विवाह के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने और विवाह निर्विघ्न संपन्न कराया जाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि ‘‘इस देश के वयस्क नागरिकों को अपने जीवनसाथी का चयन करने का अधिकार है’’।
 
अदालत ने यह टिप्पणी अलग-अलग धर्मों के एक युवक और एक युवती की उस याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें उन्होंने विवाह संपन्न कराने के लिए पुलिस सुरक्षा दिये जाने का अनुरोध किया था।
 
उनके वकील ने दावा किया कि विवाह के फैसले का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के कारण उन्हें सुरक्षा संबंधी आशंका है।
 
हावड़ा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने मंगलवार को कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं।
 
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने सोमवार को याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस को निर्देश दिया कि बुधवार को होने वाले विवाह के दौरान याचिकाकर्ताओं को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
 
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘यदि मामला अंतरधार्मिक विवाह का भी है, तब भी इस अदालत को इसमें कोई बाधा नहीं दिखती, क्योंकि याचिकाकर्ता इस देश के वयस्क नागरिक हैं और उन्हें अपने जीवनसाथी का चयन करने का अधिकार है।’’
 
अदालत ने पुलिस को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि विवाह के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो।