आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी जाएंगे तथा मोदी सरकार भी जाएगी और इसके बाद लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।
गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। फिर लोकतंत्र को दुरुस्त करने का काम शुरू होगा।’’
उन्होंने ‘एक्स’ पर संसद के केंद्रीय कक्ष में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों को दिए गए अपने भाषण की एक वीडियो क्लिप भी साझा की।
गांधी ने शुक्रवार को कहा था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार से कहीं “अधिक गंभीर समस्या” है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष पिछले कुछ दिन की तरह अपना दबाव बनाए रखता है, तो सरकार गिर जाएगी।
गांधी ने संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों से कहा था कि विपक्षी प्रदर्शनों ने इस सरकार की नींव हिला दी है और अब यह सरकार डर गई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा था, ‘‘ज्ञानेश कुमार से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।’’