विजयन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के ईडी के अनुरोध पर किया जा रहा मंथन: चेन्निथला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-09-2026
ED's request to file FIR against Vijayan being deliberated upon: Chennithala
ED's request to file FIR against Vijayan being deliberated upon: Chennithala

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा कि राज्य विधानसभा में मौजूदा नेता प्रतिपक्ष पिनरायी विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और दामाद एवं विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने के प्रवर्तन निदेशानलय के अनुरोध पर सरकार को महाधिवक्ता की कानूनी राय मिल गई है।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने हाल ही में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)रावाडा ए. चंद्रशेखर को एक पत्र भेजकर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए)के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान मिले ‘साक्ष्यों’ के आधार पर कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में विजयन, वीणा, रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
 
ईडी ने आरोप लगाया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने ‘आईटी परामर्श सेवा’ के नाम पर वीण की अब बंद हो चुकी कंपनी, एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का जालसाजी कर भुगतान किया।
 
चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि कानूनी राय शुक्रवार शाम को मिली थी और गृह विभाग अभी इसकी समीक्षा कर रहा है।