नेस्ले इंडिया को ईपीएफओ से 36.36 लाख रुपये की मांग का नोटिस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-11-2026
Nestle India receives notice from EPFO ​​demanding Rs 36.36 lakh
Nestle India receives notice from EPFO ​​demanding Rs 36.36 lakh

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 रोजमर्रा की जरूरत का सामान बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से 36.36 लाख रुपये की मांग का नोटिस मिला है। इसमें वर्ष 2012 से 2019 की अवधि के लिए 20 लाख रुपये से अधिक का हर्जाना भी शामिल है।
 
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में शुक्रवार को बताया कि ईपीएफओ के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय ने कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7क्यू और 14बी के तहत यह नोटिस जारी किया है।
 
नेस्ले इंडिया ने कहा, ''कंपनी को कर्मचारी भविष्य निधि के क्षेत्रीय कार्यालय से यह नोटिस प्राप्त हुआ। इसमें कुल 36,36,548 रुपये की मांग की गई है, जिसमें भविष्य निधि कोड के तहत वर्ष 2012 से 2019 की अवधि के लिए हर्जाने और जुर्माने के रूप में 20,09,516 रुपये शामिल हैं।''
 
कंपनी ने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर, 2026 को प्राप्त इस नोटिस का उसके वित्तीय प्रदर्शन, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा।
 
कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम की धारा 7क्यू के तहत नियोक्ता को बकाया राशि पर ब्याज देना होता है, जबकि धारा 14बी के तहत भविष्य निधि अंशदान और अन्य वैधानिक बकाया जमा करने में चूक के लिए हर्जाना वसूला जाता है।
 
नेस्ले इंडिया देश की प्रमुख खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनियों में शामिल है। इसके प्रमुख ब्रांड में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे शामिल हैं।