आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को अपनी मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति पेश की, जिसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं के भावनात्मक एवं मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बताया कि यह नीति छात्रों के लिए भावनात्मक सहयोग को लेकर जताई गई चिंताओं के मद्देनजर तैयार की गई है।
नीति की शुरुआत के मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, आध्यात्मिक नेता श्री श्री रविशंकर और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा मौजूद थे।
सूद ने कहा कि कुछ दिन पहले एक स्कूली छात्र ने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद सरकार का ध्यान इस मुद्दे पर गया और उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर एक व्यापक नीति बनाने की दिशा में काम करने के लिए उनके तथा मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ चर्चा की।
सूद ने कहा कि बच्चे अक्सर खुद को अकेला महसूस करते हैं, क्योंकि माता-पिता परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने के लिए काम में व्यस्त रहते हैं।