आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनेता अनुपम खेर ने एक नेता द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को रोके जाने से जुड़े विवाद के बीच गायक का बचाव करते हुए कहा कि किसी पर इस तरह सार्वजनिक रूप से आरोप लगाना गलत है।
मेहंदी द्वारा एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति दिए जाने के दौरान नेता ने उन्हें बीच में रोक दिया था और उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था।
‘तुनक तुनक तुन’, ‘बोलो ता रा’ और ‘हो जाएगी बल्ले बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गीतों के लिए मशहूर मेहंदी रविवार रात उत्तराखंड के नयी टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल ने उनके प्रदर्शन पर नाराजगी जताई।
मंत्री मंच पर पहुंचे और मेहंदी की प्रस्तुति रुकवाकर आरोप लगाया कि गायक शराब के नशे में हैं। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में उनियाल मेहंदी पर चिल्लाते नजर आ रहे हैं, जबकि गायक असहज एवं खोए हुए से दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में मंत्री को यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘आप लोगों को बेवकूफ क्यों बना रहे हैं? क्या आपने शराब पी रखी है? आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाना कैसे गाएंगे?’’
खेर ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से जानते हैं कि मेहंदी शराब नहीं पीते।