Singer Kumar Sanu moves Delhi High Court seeking protection of personality rights
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जानेमाने गायक कुमार सानू ने अपने नाम, आवाज, गायन शैली और तकनीक आदि सहित अपने व्यक्तित्व और प्रसिद्धि से जुड़े अधिकारों की सुरक्षा के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है।
न्यायमूर्ति मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा 13 अक्टूबर को याचिका पर सुनवायी कर सकते हैं।
सानू ने अपनी याचिका में, अपने व्यक्तित्व और प्रसिद्धि से संबंधित अधिकारों की सुरक्षा का अनुरोध किया है, जिसमें उनका नाम, आवाज, गायन शैली और तकनीक और प्रस्तुतिकरण, गायन का तरीका, चित्र, कैरिकेचर, तस्वीर, समानता और हस्ताक्षर शामिल हैं।
उन्होंने तीसरे पक्ष द्वारा अनधिकृत/बिना लाइसेंस के उपयोग और/या वाणिज्यिक उपयोग के खिलाफ भी सुरक्षा का अनुरोध किया, जिससे जनता के बीच भ्रम या धोखा होने की आशंका है।
अधिवक्ता शिखा सचदेवा और सना रईस खान के माध्यम से दायर यह वाद कॉपीराइट अधिनियम के प्रावधानों के तहत सानू को उनके प्रदर्शन में प्रदत्त नैतिक अधिकारों के उल्लंघन से भी संबंधित है।
याचिका में दावा किया गया है कि प्रतिवादी सानू का नाम, आवाज, समानता और व्यक्तित्व निकालकर उनके व्यक्तित्व और प्रसिद्धि अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं।
याचिका में दावा किया गया है कि गायक को विभिन्न जीआईएफ, ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग से भी पीड़ा हुई है, जिनमें उनके प्रदर्शन और आवाज शामिल हैं, जो उन्हें बदनाम करते हैं और उन्हें "अशोभनीय हास्य" का विषय बनाते हैं, जिससे उनके प्रदर्शन में उनके नैतिक अधिकारों का उल्लंघन होता है।
सानू अपनी आवाज, गायन शैली और तकनीक, गायन व्यवस्था और प्रस्तुतिकरण, गायन के तरीके और उनके चेहरे को बदलने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके बनाई गई सामग्री से भी व्यथित हैं।
राष्ट्रीय दिल्ली