Shah Rukh Khan's 'King' poster receives mixed reactions on social media, with people comparing it to 'Dhurandhar 2'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रसिद्ध अभिनेता शाहरुख खान ने मंगलवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी किया जिसे सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। कुछ लोगों ने शाहरुख के लुक की तारीफ की, जबकि कई लोगों ने इसकी तुलना रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से की और इसे कृत्रिम मेधा (एआई) से तैयार बताया।
यह फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में शाहरुख एक बार फिर ‘पठान’ के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी उनके साथ पहली बार नजर आएंगी। शाहरुख करीब तीन साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उनकी फिल्में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ 2023 में रिलीज हुई थीं।
पोस्टर में 60 वर्षीय अभिनेता सफेद होते बालों, दाढ़ी, पुराने चमड़े की जैकेट और खुले बटन वाली कमीज में नजर आ रहे हैं। वह एक हाथ में बंदूक और दांतों के बीच लाल गुलाब दबाए चलते दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे जलते हुए विमान जैसी कोई चीज नजर आ रही है।
अभिनेता ने पोस्टर के साथ लिखा, "आज फिर याद आया... कातिल नहीं... आशिक हूं... ‘हैशटैग किंग'।" उनकी ये पंक्तियां 1990 में आई उनकी फिल्म ‘बादशाह’ के शीर्षक गीत की याद दिलाती हैं।
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार करने की बात कही।