संजय दत्त ने ‘खलनायक’ के सीक्वल की घोषणा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-04-2026
Sanjay Dutt announces sequel of 'Khalnayak'
Sanjay Dutt announces sequel of 'Khalnayak'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अभिनेता संजय दत्त ने 1993 की अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ की घोषणा की है।

दत्त की ‘थ्री डायमेंशन मोशन पिक्चर्स’ और निर्माता अक्षा कंबोज की ‘एस्पेक्ट एंटरटेनमेंट’ ने फिल्म निर्माता सुभाष घई और उनकी कंपनी मुक्ता आर्ट्स से अपराध की पृष्ठभूमि वाली इस हिट एक्शन फिल्म के दूसरे भाग के अधिकार संयुक्त रूप से हासिल कर लिए हैं। घई के निर्देशन में बनी ‘खलनायक’ में जैकी श्रॉफ और माधुरी दीक्षित भी थे।
 
फिल्म निर्माताओं ने शुक्रवार शाम को एक विशेष कार्यक्रम में ‘खलनायक रिटर्न्स’ का एक छोटा सा टीजर जारी किया, जिसमें दत्त अपने मशहूर किरदार बल्लू को एक नए दमदार अवतार में निभाते नजर आए।
 
अभिनेता (66) ने ‘खलनायक’ को दोबारा बनाने का मौका देने के लिए घई का आभार व्यक्त किया।
 
दत्त ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘फिल्म ‘खलनायक’ का सफर लंबा रहा है और सुभाष घई के बिना यह संभव नहीं होता। वह एक दिग्गज हैं और मनोरंजन जगत के उस्ताद हैं। वह इस ‘खलनायक’ का हिस्सा होंगे।’’
 
अभिनेता ने खुलासा किया कि 1993 के मुंबई बम विस्फोट मामले के सिलसिले में जेल की सजा काटते समय उन्होंने ‘खलनायक’ की कहानी को आगे बढ़ाने का विचार आया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘जेल में मैंने अपने आस-पास के सभी लोगों से पूछा कि इसे देखना कौन पसंद करेगा और 4,000 कैदियों ने कहा कि वे सभी देखेंगे। मैंने उन सभी से इसके बारे में (नयी ‘खलनायक’ की कहानी) एक पृष्ठ पर लिखने को कहा और मुझे उन सभी 4,000 पृष्ठों को पढ़ने में काफी समय लग गया।’’
 
दत्त ने कहा, ‘‘जब मैं पैरोल पर बाहर आया तो मैंने सुभाष सर से इसे देखने के लिए कहा। उसके बाद उन्होंने कहा कि इसे बनाया जाना चाहिए।’’