मुंबई
बॉलीवुड के लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन की शुरुआत अभिनेता सलमान खान के साथ होगी। शो के निर्माता और होस्ट करण जौहर ने नए प्रोमो के जरिए सलमान खान की मौजूदगी की पुष्टि की है। करीब 10 साल बाद सलमान इस चर्चित शो में वापसी कर रहे हैं।
फिल्म निर्माता करण जौहर की मेजबानी में प्रसारित होने वाला यह शो 14 अक्टूबर से शुरू होगा। वर्षों से यह कार्यक्रम बॉलीवुड सितारों के बेबाक खुलासों, दिलचस्प बातचीत और विवादों के कारण सुर्खियों में रहा है। नौवां सीजन इस शो का अंतिम संस्करण होगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार ने सोशल मीडिया पर शो का प्रोमो साझा करते हुए लिखा, “भाई के बिना आखिरी कॉफी की शुरुआत नहीं हो सकती।” इस संदेश के जरिए सलमान खान की शो में वापसी को खास अंदाज में पेश किया गया है। हालांकि, पहले एपिसोड में होने वाली बातचीत के बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
करण जौहर ने पुष्टि की है कि ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन इस शो का आखिरी सीजन होगा। उन्होंने अपने बयान में कहा कि यह कार्यक्रम उनकी जिंदगी का असाधारण हिस्सा रहा है। इससे उन्हें दोस्ती, यादगार पल, मस्ती और कई विवादों का अनुभव मिला।
करण ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने इस शो के साथ हंसी-मजाक किया, इसके विषयों पर बहस की, इसकी आलोचना की और फिर भी हर बार एक और कप कॉफी के लिए लौटते रहे।
उन्होंने कहा, “अलविदा कहना भावुक कर देने वाला है, लेकिन अब ऐसा करना सही लगता है।” करण के मुताबिक, आखिरी सीजन उनके लिए दर्शकों के प्रति प्यार और आभार व्यक्त करते हुए एक बार फिर कॉफी का कप उठाने का अवसर है।
‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन 14 अक्टूबर से जियोहॉटस्टार के पीकॉक हब पर स्ट्रीम होगा। इसके नए एपिसोड हर बुधवार रात 9 बजे जारी किए जाएंगे।
सलमान खान की मौजूदगी के साथ शुरू होने वाले इस अंतिम सीजन को लेकर बॉलीवुड प्रशंसकों में उत्सुकता है। अब देखना होगा कि शो के आखिरी सफर में करण जौहर और उनके मेहमान दर्शकों के लिए कौन-कौन से दिलचस्प खुलासे और यादगार पल लेकर आते हैं।